Nitish Rana: मैदान पर फूट-फूटकर रोए नीतीश राणा, अर्धशतक के बाद दिवंगत मां को याद कर हुए भावुक

अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने आसमान की तरफ देखा और...

Update: 2026-08-19 09:44 GMT

Nitish Rana: नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार को ऐसा भावुक पल आया, जिसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट फैंस की आंखें भी नम कर दीं। वेस्ट दिल्ली लायंस के बल्लेबाज नीतीश राणा ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के खिलाफ शानदार अर्धशतक लगाया। फिफ्टी पूरी करने के बाद उन्होंने आसमान की ओर देखा और अपनी दिवंगत मां को याद किया। इसके बाद राणा मैदान पर ही फूट-फूटकर रोने लगे। साथी खिलाड़ियों और अंपायर ने उनके पास पहुंचकर उन्हें संभाला।

33 गेंदों में 60 रन की पारी

अरुण जेटली स्टेडियम में राणा ने मुश्किल समय में टीम की पारी संभाली। वेस्ट दिल्ली ने 13 रन पर पहला विकेट गंवा दिया था। इसके बाद राणा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 33 गेंदों में 60 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने आसमान की तरफ देखा और भावुक हो गए।

मां के निधन के बाद की मैदान पर वापसी

नीतीश राणा की मां का इसी महीने इलाज के दौरान निधन हुआ था। वह लंबे समय से बीमार थीं। मां को खोने के बाद राणा के लिए यह बेहद मुश्किल दौर है, लेकिन उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर वापसी की। इस मुकाबले में वह अपनी मां की याद से जुड़ी जर्सी पहनकर उतरे थे। अर्धशतक के बाद उनका भावुक होना मां के प्रति उनके गहरे लगाव को दिखाता है।

राणा की पारी बेकार, 10 विकेट से हारी टीम

नीतीश राणा की 60 रन की पारी के बावजूद वेस्ट दिल्ली लायंस 20 ओवर में 169 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने बिना कोई विकेट गंवाए 15.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। संतन सांगवान ने 54 गेंदों पर नाबाद 111 रन और अनमोल शर्मा ने 38 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए। टीम ने 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

Tags:    

Similar News