Asian Games: एशियन गेम्स में भारतीय छोरियों का कमाल, भारत सेमीफाइनल में पहुंचा, जापान को 8 विकेट से हराया; शेफाली ने लगाया विनिंग सिक्स
शेफाली वर्मा ने 2 विकेट झटके, जबकि श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
Asian Games: नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल में भारत ने जापान को 8 विकेट से हराया। जापान ने 57 रन बनाए थे। भारत ने 5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। वह 15 गेंदों में 40 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऋचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
57 रन पर सिमटी जापान की टीम
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी चुनी। जापान की टीम 19.5 ओवर में 57 रन पर ऑलआउट हो गई। अयाका कातो स्टैफर्ड ने 25 और हारुना इवासाकी ने 10 रन बनाए। भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 विकेट लिए। शेफाली वर्मा ने 2 विकेट झटके, जबकि श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
भारत ने 5 ओवर में जीता मैच
छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गुणालन कमालिनी बिना खाता खोले आउट हुईं, जबकि भारती फुलमाली 6 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद शेफाली और ऋचा ने टीम को आसानी से जीत दिला दी।
20 सितंबर को बांग्लादेश से सेमीफाइनल
भारत का सेमीफाइनल में 20 सितंबर को बांग्लादेश से मुकाबला होगा। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। श्रीलंका ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 86 रन से हराया, जबकि पाकिस्तान ने थाइलैंड को 7 विकेट से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई।