नई दिल्ली। वुमेंस एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले के बाद पाकिस्तानी महिला टीम की कप्तान फातिमा सना पर आईसीसी ने कार्रवाई की है। भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद किए गए सेंडऑफ इशारे को आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन माना है। आईसीसी ने फातिमा सना पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।

शेफाली को आउट करने के बाद किया था इशारा

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दौरान फातिमा सना ने शेफाली वर्मा का विकेट लिया था। विकेट मिलने के बाद उन्होंने बल्लेबाज को पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया था। मैच के दौरान की गई यह हरकत आईसीसी की नजर में आई और जांच के बाद पाक कप्तान को नियमों का दोषी पाया गया।

ICC के आर्टिकल 2.5 का हुआ उल्लंघन

आईसीसी के अनुसार, फातिमा सना को आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के व्यवहार से जुड़े नियमों के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया। यह नियम किसी खिलाड़ी को आउट होने के बाद ऐसे शब्दों, इशारों या हरकतों से उकसाने से रोकता है, जो विपक्षी खिलाड़ी के लिए अपमानजनक या भड़काने वाले हो सकते हैं। आईसीसी के नियमों के मुताबिक, बल्लेबाज की प्रतिक्रिया मायने नहीं रखती, बल्कि खिलाड़ी का ऐसा व्यवहार ही नियमों के दायरे में आता है।

भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया

वुमेंस एशिया कप 2026 के मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम भारतीय स्पिन गेंदबाजों के सामने सिर्फ 55 रन पर सिमट गई। इसके बाद टीम इंडिया ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

फातिमा सना के लिए बढ़ी मुश्किलें

मैच के बाद आईसीसी की कार्रवाई से फातिमा सना के अनुशासन रिकॉर्ड पर असर पड़ा है। हालांकि यह लेवल-1 का मामला होने के कारण उन पर केवल आर्थिक जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट लगाया गया है।

Tags: