नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ी पिंकी बलहारा ने कुराश में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। पिंकी ने महिलाओं के -78 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इससे पहले की जीत के आधार पर उन्होंने भारत के लिए पदक पक्का कर लिया।

सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की खिलाड़ी से मिली हार

पिंकी बलहारा का सेमीफाइनल मुकाबला दक्षिण कोरिया की मो सुमिन के खिलाफ हुआ। इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी को 0-5 से हार झेलनी पड़ी।

सुमिन ने शुरुआत से ही मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। उन्होंने 'चाला' और 'योनबोश' के जरिए अंक हासिल किए, जबकि पिंकी को चेतावनी का सामना करना पड़ा। हार के साथ पिंकी गोल्ड मेडल मुकाबले की दौड़ से बाहर हो गईं, लेकिन ब्रॉन्ज मेडल उनके नाम रहा।

क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत

सेमीफाइनल से पहले पिंकी ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की खिलाड़ी लिम को 3-0 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया था। इस मुकाबले में पिंकी ने बेहतरीन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह बनाई।

कुराश में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि

पिंकी बलहारा का यह पदक कुराश में भारत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले भी पिंकी ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी पहचान बनाई थी, जब पहली बार एशियन गेम्स में कुराश को शामिल किया गया था।

जूडो से करियर शुरू करने वाली पिंकी ने 2018 एशियन जूनियर जूडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल भी जीता था। बाद में उन्होंने कुराश में कदम रखा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों को मिली हार

कुराश प्रतियोगिता में कुछ अन्य भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। पुरुषों के +90 किग्रा वर्ग में विशाल क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार गए। उन्हें थाईलैंड के कुनाथिप ये-ऑन के खिलाफ 0-5 से हार मिली।

वहीं महिलाओं की 57 किग्रा कैटेगरी में संगीता बलहारा राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस की चारमिया क्वेलिनो से 0-10 से हारकर बाहर हो गईं। इसके अलावा भारती और यश कुमार चौहान भी अपने-अपने मुकाबलों में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

पिंकी की जीत से बढ़ा भारत का गौरव

एशियन गेम्स 2026 में पिंकी बलहारा का ब्रॉन्ज मेडल भारतीय कुराश के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। उनकी इस उपलब्धि ने इस खेल में भारत की मौजूदगी को और मजबूत किया है।

Tags: