Asian Games 2026: नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में शनिवार से 20वें एशियाई खेलों का औपचारिक आगाज होगा। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में भारत 501 खिलाड़ियों के दल के साथ 36 खेलों में उतरेगा। हांगझोऊ 2022 में रिकॉर्ड 106 पदक जीतने के बाद अब भारतीय दल की नजर इस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने पर है।

भारत के सामने बड़ी चुनौती

एशियन गेम्स में 45 देशों के 11 हजार से ज्यादा खिलाड़ी 43 खेलों में हिस्सा लेंगे। भारत के 501 खिलाड़ियों में 269 पुरुष और 234 महिलाएं शामिल हैं। इस बार भारतीय दल के लिए एथलेटिक्स और शूटिंग से पदक की बड़ी उम्मीदें हैं। हालांकि, चोट के कारण नीरज चोपड़ा के बाहर होने से एथलेटिक्स में भारत को झटका लगा है।

मनु भाकर और तजिंदरपाल होंगे ध्वजवाहक

ओलिंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और शॉटपुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे। तूर एशियन गेम्स के दो बार के मौजूदा चैंपियन हैं। उद्घाटन समारोह पालोमा मिजुहो स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा।

शूटिंग और एथलेटिक्स पर नजर

शूटिंग में भारत का 30 सदस्यीय दल राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेगा। एथलेटिक्स में 74 भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, ज्योति सुरेखा वेन्नम और मनु भाकर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ नई पीढ़ी के कई खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे।

हांगझोऊ में जीते थे 106 पदक

भारत ने हांगझोऊ एशियन गेम्स में 28 स्वर्ण, 38 रजत और 40 कांस्य समेत कुल 106 पदक जीते थे। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा था। इससे पहले 2018 जकार्ता-पालेमबांग में भारत ने 70 पदक जीते थे। एशियाई खेलों के इतिहास में भारत अब तक 778 पदक जीत चुका है।

43 खेलों में होंगे मुकाबले

एशियन गेम्स 2026 में 43 खेलों के 71 डिसिप्लिन में कुल 469 मेडल इवेंट होंगे। इन स्पर्धाओं में 1,407 पदकों के लिए मुकाबले होंगे। तीरंदाजी, हॉकी, सेलिंग, स्क्वैश, सर्फिंग, टेनिस और ट्रायथलॉन जैसे सात खेलों में प्रदर्शन लॉस एंजिल्स ओलिंपिक 2028 के क्वालिफिकेशन से भी जुड़ा है।

नागोया के अलावा कई शहरों में आयोजन

एशियन गेम्स की मेजबानी जापान का आइची राज्य कर रहा है, लेकिन सभी मुकाबले सिर्फ नागोया में नहीं होंगे। टोक्यो, ओसाका समेत जापान के कई शहरों में अलग-अलग खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस बार एमएमए, पैडल सर्किंग, वर्चुअल ताइक्वांडो और टेकबॉल जैसे खेल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

Tags: