Jharkhand Crime : चतरा। झारखंड के चतरा में चोरों ने एक CRPF जवान के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। नगवां मोहल्ले में हुई चोरी में करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.50 लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े जरूरी दस्तावेज चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

CRPF जवान सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे वह परिवार के साथ घर में ताला लगाकर हंटरगंज चले गए थे। उस समय मकान में रहने वाला किरायेदार भी बाहर था। घर को पूरी तरह खाली पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए।

घर में घुसने के बाद चोरों ने अलमारी समेत अलग-अलग कमरों को खंगाला। अगले दिन 29 अगस्त की सुबह पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था।

23 तरह के आभूषण गायब

अलमारी की जांच करने पर हार, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठियां और चेन समेत करीब 23 प्रकार के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरी हुए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अलावा डेढ़ लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात भी चोर अपने साथ ले गए।

परिचित के शामिल होने की आशंका

जवान ने वारदात में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस आसपास के लोगों और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चोरी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात में शामिल आरोपियों और चोरी की पूरी रकम के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: