Raksha Bandhan 2026 : 28 अगस्त को पूरे दिन बांध सकेंगे राखी, भद्रा नहीं डालेगी बाधा; जानें शुभ मुहूर्त
27 अगस्त को ही खत्म हो जाएगा भद्राकाल, 28 अगस्त को सुबह 6:08 से शाम 6:48 बजे तक कई शुभ मुहूर्त; चंद्र ग्रहण भारत में नहीं होगा दिखाई
Raksha Bandhan 2026 : धर्म डेस्क। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इस वर्ष रक्षाबंधन के दिन भद्रा का साया नहीं रहेगा। ऐसे में बहनें पूरे दिन शुभ समय में भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकती हैं।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, श्रावण पूर्णिमा पर इस बार शतभिषा नक्षत्र, सुकर्मा योग और मीन राशि के चंद्रमा का संयोग बन रहा है। शुक्रवार के दिन सुकर्मा योग का मेल पर्व की शुभता को और बढ़ा रहा है।
27 अगस्त को खत्म हो जाएगी भद्रा
रक्षाबंधन से एक दिन पहले यानी 27 अगस्त की सुबह 9:09 बजे से रात 9:25 बजे तक भद्रा रहेगी। 28 अगस्त को भद्रा समाप्त हो चुकी होगी, इसलिए राखी बांधने के दौरान भद्रा का कोई व्यवधान नहीं रहेगा।
रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण भी
इस साल रक्षाबंधन के दिन चंद्र ग्रहण भी पड़ रहा है। ग्रहण का समय सुबह 6:53 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक बताया गया है। हालांकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां इसके धार्मिक प्रभाव को मान्य नहीं माना जाएगा और राखी बांधने में कोई बाधा नहीं होगी।
सुबह से शाम तक राखी बांधने के शुभ समय
अमृत चौघड़िया: सुबह 6:08 बजे से 10:53 बजे तक
अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12:04 बजे से 12:53 बजे तक
शुभ चौघड़िया: दोपहर 12:28 बजे से 2:03 बजे तक
अपराह्न काल: दोपहर 1:44 बजे से शाम 4:16 बजे तक
चर चौघड़िया: शाम 5:13 बजे से 6:48 बजे तक
राखी बांधते समय इन बातों का रखें ध्यान
राखी बांधते समय भाई का मुख पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा की ओर रखना शुभ माना जाता है। पूजा की थाली में राखी के साथ रोली, चंदन, अक्षत, दीपक और मिठाई रखना चाहिए।
इस तरह 28 अगस्त को बहनें अपनी सुविधा के अनुसार शुभ मुहूर्त में भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी और मंगलमय जीवन की कामना कर सकेंगी।