नई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पद छोड़ने की पेशकश कर दी है। कांग्रेस हाईकमान की ओर से राज्य संगठन में बदलाव का फैसला बताए जाने के बाद वड़िंग ने इस्तीफा देने की पेशकश की है। हालांकि, नए प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। राजा वड़िंग ने गुरुवार को जब उनसे इस्तीफे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कुछ मामले पार्टी के आंतरिक हैं और सही समय आने पर वह इस बारे में बताएंगे।


2027 चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव

पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे समय में कांग्रेस ने राज्य संगठन की कमान बदलने की तैयारी शुरू की है। रिपोर्टों के मुताबिक, कांग्रेस के नए पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने हाल में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लिया था। इसके बाद हाईकमान के स्तर पर राज्य संगठन में बदलाव पर चर्चा हुई।

कांग्रेस के भीतर पिछले कुछ समय से अलग-अलग नेताओं और गुटों के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने की कोशिश कर रहा है।

अप्रैल 2022 से पंजाब कांग्रेस की कमान संभाल रहे थे वड़िंग

राजा वड़िंग ने अप्रैल 2022 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद संभाला था। 2024 में वह लुधियाना से लोकसभा सांसद भी चुने गए। अब करीब साढ़े चार साल बाद प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई है। कांग्रेस हाईकमान की ओर से वड़िंग को नेतृत्व परिवर्तन की जानकारी दिए जाने के बाद उनके इस्तीफे की पेशकश की बात सामने आई है। पार्टी जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है।

कौन बन सकता है पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष?

नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। इसके अलावा परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राणा केपी सिंह और सुखबिंदर सिंह सरकारिया जैसे नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं।

Tags: