हमारे युवाओं से बढ़कर कुछ नहीं… पेपर लीक पर PM नरेंद्र मोदी का बड़ा एक्शन, फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगा फैसला

Update: 2026-07-23 05:23 GMT

नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक विवाद और छात्रों के देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार पेपर लीक के मामलों में तेजी से सुनवाई और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिया जाएगा। इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दे दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है और फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दोहराया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस ट्वीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इरादे बेहद साफ कर दिए है। भले ही उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि इस पेपर लीक मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने छात्रों से वादा किया कि इस मामले में शामिल हर एक आरोपी को कड़ी-से-कड़ी सजा दी जाएगी।

NEET पेपर लीक पर छात्रों का आंदोलन जारी

प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है और विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। सरकार पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Tags:    

Similar News