पुणे। पुणे के आईटी सेक्टर में काम करने वाले लोगों और रोजाना ट्रैफिक से जूझने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो की लाइन-3 का उद्घाटन किया। मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर तक चलने वाली इस मेट्रो लाइन पर यात्री 4 नवंबर से सफर कर सकेंगे। सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू होंगी।

23.2 किमी लंबा है मेट्रो कॉरिडोर

पुणे मेट्रो की लाइन-3 को पिंक लाइन भी कहा जाता है। यह 23.203 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है। इस पर कुल 23 स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें से शुरुआत में 17 स्टेशन यात्रियों के लिए खोले जाएंगे। परियोजना पर करीब 8,313 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।

पुरानी सरकार होती तो कई दशक लग जाते: मोदी

उद्घाटन कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में एनडीए सरकार ने मिडिल क्लास के लिए ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रांसपोर्टेशन को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि 2014 तक देश में सिर्फ 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था। पुरानी सरकार और कार्यशैली जारी रहती तो पुणे में मेट्रो पहुंचने में कई दशक और लग जाते।

5 से 26 शहरों तक पहुंची मेट्रो

पीएम मोदी ने बताया कि अब देश का मेट्रो नेटवर्क 1,400 किलोमीटर तक पहुंच गया है। पहले 5 शहरों में मेट्रो चलती थी, अब 26 शहरों में सेवाएं उपलब्ध हैं। रोजाना एक करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

पीएमआरडीए के मुताबिक, इस लाइन से हिंजवडी आईटी पार्क और शिवाजीनगर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही साइकिल ट्रैक, चौड़े फुटपाथ और पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग भी बनाई जा रही हैं। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

Tags: