PM मोदी ने युवा खिलाड़ियों को दिया मंत्र- ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’, 2036 ओलंपिक के लिए 5 से 15 साल के बच्चों की होगी पहचान
पीएम ने देशवासियों और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के मौके पर युवा खिलाड़ियों से संवाद किया। ‘खेलो इंडिया डायलॉग-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जो खेलेगा, वो खिलेगा। उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ियों के नाम से ही उनके शहर और राज्य की पहचान बनती है। पीएम ने देशवासियों और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
1500 से ज्यादा संस्थानों ने लिया हिस्सा
यह कार्यक्रम देशभर के 1,500 से ज्यादा शिक्षण संस्थानों में वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुआ। इसमें IIT, IIM, AIIMS, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्र भी शामिल हुए। कार्यक्रम का फोकस खेलों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर रहा।
2036 ओलंपिक के लिए अभी से तैयारी
पीएम मोदी ने कहा कि 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों की पहचान और तैयारी अभी से शुरू करनी होगी। इसके लिए 5 से 15 साल की उम्र के बच्चों में खेल प्रतिभा तलाशने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को मेडल टैली बढ़ाने के लिए हर खेल में अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी।
टैलेंट हब से खिलाड़ियों की पहचान
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान के लिए टैलेंट हब जैसे कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा। जिस बच्चे में जिस खेल की क्षमता है, उसकी पहचान कर उसे उसी दिशा में प्रशिक्षण देने की जरूरत है। सरकार खिलाड़ियों को ट्रेनिंग और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
नशे से दूर रहने की दी सलाह
पीएम मोदी ने युवा खिलाड़ियों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए स्वस्थ जीवनशैली जरूरी है। उन्होंने ड्रग्स की समस्या से निपटने में खेलों की भूमिका को भी अहम बताया।
सिर्फ मेडल जीतना ही खेल का उद्देश्य नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलों का मतलब सिर्फ पदक जीतना नहीं है। पैरा खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि खेल लोगों की जिंदगी बदलने की ताकत रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत को ओलंपिक में अपनी भागीदारी बढ़ाने के साथ हर खेल में बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ना होगा।