North Cyprus Boat Capsized: उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया तट के पास रविवार को एक यात्री फेरी के पलटने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के वक्त नाव में करीब 270 लोग सवार थे। फेरी तुर्की के मेर्सिन प्रांत के ताउकु जाने के लिए गिरन से रवाना हुई थी। हादसे के बाद बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।

काइरेनिया तट से करीब 2 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, काइरेनिया के समुद्री क्षेत्र में पहुंचने से पहले फेरी में पानी भरना शुरू हो गया था। इसके कुछ समय बाद ही नाव समुद्र में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही तटीय सुरक्षा बलों को सक्रिय किया गया और घटनास्थल की ओर कोस्ट गार्ड के जहाज तथा रेस्क्यू हेलीकॉप्टर भेजे गए। बताया जा रहा है कि फेरी काइरेनिया तट से लगभग दो किलोमीटर उत्तर में हादसे का शिकार हुई। घटनास्थल पर राहत और बचाव दल लगातार लोगों की तलाश में जुटे हैं।

कई एजेंसियां बचाव अभियान में जुटीं

हादसे के बाद लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कोस्ट गार्ड की नावों के साथ पर्यटक नौकाएं और निजी कंपनियों के जहाज भी बचाव अभियान में शामिल किए गए हैं। समुद्र के साथ-साथ तट पर भी एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन इंतजाम किए गए हैं। रेस्क्यू टीमें समुद्र में फंसे यात्रियों की तलाश कर रही हैं और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।

हताहतों की संख्या पर अभी स्थिति साफ नहीं

काइरेनिया के मेयर मुरात सेनकुल के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में हादसे को गंभीर बताया गया है। हालांकि, शुरुआती जानकारी सामने आने तक कितने लोगों को बचाया गया या कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। बचाव अभियान जारी रहने के कारण यात्रियों की वास्तविक स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

तुर्की के ताउकु जा रही थी फेरी

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह यात्री फेरी उत्तरी साइप्रस के गिरन से तुर्की के मेर्सिन प्रांत स्थित ताउकु के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान समुद्र में अचानक आई समस्या के बाद नाव में पानी भरने लगा और देखते ही देखते यह पलट गई।

Tags: