2027 वनडे एशिया कप के लिए क्वालीफाई करने वाली छठी टीम बनी नेपाल, UAE को 44 रन से हराकर रचा इतिहास
दूसरी बार एशिया कप में पहुंचेगा नेपाल
नई दिल्ली: नेपाल क्रिकेट टीम ने 2027 पुरुष वनडे एशिया कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ACC मेंस प्रीमियर कप 2026 के फाइनल में नेपाल ने UAE को 44 रन से हराकर टूर्नामेंट में जगह पक्की की। नेपाल दूसरी बार एशिया कप खेलेगा। इससे पहले टीम ने 2023 में टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था, जहां उसका सामना भारत और पाकिस्तान से हुआ था।
नेपाल ने दिया 314 रन का टारगेट
कुआलालंपुर के बायूमास क्रिकेट ओवल में खेले गए फाइनल में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 313 रन बनाए। ओपनर आसिफ शेख ने शानदार शतक लगाते हुए 106 गेंदों पर 102 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका दूसरा शतक था।
UAE की टीम 269 रन पर सिमटी
314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई। राहुल चोपड़ा ने नाबाद शतक लगाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। तनिष सूरी ने 42 और कप्तान हरप्रीत भाटिया ने 33 रन बनाए। नेपाल के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर UAE की बड़ी साझेदारी बनने नहीं दी।
करण केसी रहे सबसे सफल गेंदबाज
नेपाल की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। करण केसी ने 3 विकेट लिए, जबकि ललित राजबंशी को 2 विकेट मिले। संदीप लामिछाने, रोहित पौडेल, गुलशन झा, बसीर अहमद और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने एक-एक विकेट लिया।
लामिछाने प्लेयर ऑफ द सीरीज
नेपाल के संदीप लामिछाने को पूरे टूर्नामेंट में 17 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। वहीं, शतक लगाने वाले आसिफ शेख को फाइनल में शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
एशिया कप में 6 टीमें
2027 पुरुष वनडे एशिया कप में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल की टीमें खेलेंगी। नेपाल के क्वालीफाई करने के साथ टूर्नामेंट की सभी छह टीमें तय हो गई हैं।