NEET Paper Leak : फास्ट ट्रैक कोर्ट की पहली सुनवाई टली, CBI का वकील नहीं पहुंचा, अगली सुनवाई इस दिन
NEET Paper Leak: नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए बनाई गई फास्ट ट्रैक कोर्ट में सोमवार को पहली सुनवाई होनी थी, लेकिन यह नहीं हो सकी। जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की ओर से कोई सरकारी वकील कोर्ट में मौजूद नहीं था। इसी वजह से अदालत ने सुनवाई को 3 अगस्त तक टाल दिया। अब मामले की अगली सुनवाई सुबह 10 बजे होगी।
जमानत याचिकाओं पर फैसला भी टला
फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्पेशल जज अनु ग्रोवर बलीगा को आज आरोपी दिनेश बिवाल और विकास बिवाल की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करनी थी। लेकिन सरकारी वकील की गैरमौजूदगी के कारण इस पर भी सुनवाई नहीं हो पाई। कोर्ट ने डायरेक्टर ऑफ प्रॉसिक्यूशन को इस मामले के लिए जल्द पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने का निर्देश दिया है।
13 आरोपियों में शामिल हैं दोनों आरोपी
सीबीआई ने अब तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिनेश बिवाल और विकास बिवाल भी शामिल हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि ये आरोपी उस गिरोह का हिस्सा थे जिसने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर कई अभ्यर्थियों तक पहुंचाया।
सरकार ने दोहराया सख्त रुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कई आरोपी जेल में हैं और मामलों के जल्दी निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई गई है। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कानून लाया गया है। परीक्षा सुधारों और नई तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के लिए नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में हाई-पावर्ड टास्क फोर्स भी गठित की जाएगी।