BJP संगठन में बड़े बदलाव: संगठन महामंत्री और सह महामंत्री नियुक्त, छत्तीसगढ़, MP समेत कई राज्यों में बदली जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट
पार्टी की ओर से जारी सूची में छत्तीसगढ़ में कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र रायपुर रहेगा।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
शिवप्रकाश को 5 राज्यों की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्तर पर शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा।
वहीं सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र भुवनेश्वर होगा।
इसके अलावा वी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा एवं संसदीय कार्यालय का संगठनकर्ता बनाया गया है। उनका केंद्र दिल्ली रहेगा। नागेन्द्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क का संगठनकर्ता नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र भी दिल्ली होगा।
महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में संगठन की नई जिम्मेदारियां
महाराष्ट्र में अजय जामवाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) और सतीश धोंड को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। सतीश धोंड को गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी भी दी गई है। अजय जामवाल का केंद्र मुंबई और सतीश धोंड का केंद्र नागपुर रहेगा।
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मधुकर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र हैदराबाद रहेगा। तेलंगाना में दशरथ को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है। उनका केंद्र वारंगल होगा।
असम, त्रिपुरा और कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी रवींद्र राजू को दी गई है। उन्हें प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है और उनका केंद्र गुवाहाटी रहेगा।
छत्तीसगढ़ में कर्मवीर को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी
पार्टी की ओर से जारी सूची में छत्तीसगढ़ में कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र रायपुर रहेगा।
इसके साथ ही बिहार में भीखुभाई दलसानिया, झारखंड में पवन साई, हिमाचल प्रदेश में सिद्धार्थन, गुजरात, दादरा नगर हवेली और दमन एवं दीव में रत्नाकर, उत्तराखंड में फणीन्द्रनाथ शर्मा को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
दिल्ली-हरियाणा में पवन राणा, मध्य प्रदेश में चन्द्रशेखर, ओडिशा में मानस मोहंती, पंजाब-चंडीगढ़ में मंत्री श्रीनिवाससुलु, उत्तर प्रदेश में धर्मपाल और पश्चिम बंगाल में अमिताभ चक्रवर्ती को भी प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।
अलग-अलग राज्यों में तय किए गए केंद्र
नई जिम्मेदारियों के साथ सभी संगठन महामंत्रियों के केंद्र भी तय किए गए हैं। भीखुभाई दलसानिया का केंद्र पटना, पवन साई का रांची, सिद्धार्थन का शिमला, रत्नाकर का अहमदाबाद, फणीन्द्रनाथ शर्मा का देहरादून और पवन राणा का दिल्ली रहेगा।
छत्तीसगढ़ के कर्मवीर का केंद्र रायपुर, मध्य प्रदेश के चन्द्रशेखर का भोपाल, ओडिशा के मानस मोहंती का भुवनेश्वर, पंजाब-चंडीगढ़ के मंत्री श्रीनिवाससुलु का चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के धर्मपाल का लखनऊ और पश्चिम बंगाल के अमिताभ चक्रवर्ती का केंद्र कोलकाता रहेगा।
गुजरात में अरुण बिन्नाडी को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र राजकोट रहेगा।
ब्रज और सीमांचल क्षेत्र में भी नियुक्तियां
पार्टी ने ब्रज क्षेत्र के लिए अभय गिरी को संगठनकर्ता नियुक्त किया है। उनका केंद्र आगरा रहेगा।
वहीं भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र की जिम्मेदारी अनंत नारायण मिश्र को दी गई है। वे संगठनकर्ता के रूप में काम करेंगे और उनका केंद्र पूर्णिया रहेगा।
संगठन को प्रभावी बनाने के लिए फैसला
भाजपा ने कहा है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य पार्टी संगठन को और मजबूत एवं प्रभावी बनाना है। केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति की प्रतिलिपि सभी प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश महामंत्रियों (संगठन) को भेज दी गई है।