Chirag Paswan: नई दिल्ली: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को फिर जान से मारने की धमकी मिली है। मंत्रालय को डाक के जरिए एक हस्ताक्षरविहीन पत्र मिला है। इसमें उन्हें जल्द ही ‘हार्डकोर आतंकियों’ द्वारा मार दिए जाने की चेतावनी दी गई है। पत्र में दो मोबाइल नंबरों का भी जिक्र है।

गृह सचिव से जांच की मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने 1 सितंबर को केंद्रीय गृह सचिव को पत्र भेजा। इसमें धमकी के स्रोत, उसकी सच्चाई और इसके पीछे की परिस्थितियों की तत्काल जांच कराने का अनुरोध किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों से मामले के हर पहलू की जांच करने को कहा गया है।

Z श्रेणी की सुरक्षा में हैं चिराग

चिराग पासवान को गृह मंत्रालय की ओर से Z श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। मंत्रालय ने उनकी मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। आगामी सार्वजनिक कार्यक्रमों को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने का भी अनुरोध किया गया है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

फिलहाल धमकी भेजने वाले की पहचान सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां पत्र और उसमें दर्ज मोबाइल नंबरों की जांच कर रही हैं। इससे पहले जुलाई 2025 में भी चिराग को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी। तब पार्टी ने पटना साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। LJP (रामविलास) ने ताजा मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Tags: