Canada: कनाडा के गुरुद्वारे में प्रार्थना के दौरान हंगामा, दो लोगों पर चाकू से हमला; आरोपी गिरफ्तार, पीएम कार्नी ने जताई संवेदना
घटना एडमंटन के उत्तर-पूर्वी इलाके में 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के...
Canada: नई दिल्ली/एडमंटन। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमंटन स्थित नानकसर गुरसिख गुरुद्वारा में शनिवार सुबह शादी समारोह से पहले प्रार्थना के दौरान हंगामा हो गया। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर प्रार्थना में बाधा डाली। उसे काबू करने की कोशिश के दौरान हुई झड़प में दो लोगों पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया है। दोनों घायलों की चोटें जानलेवा नहीं हैं।
सुबह 5 बजे के बाद मचा हड़कंप
घटना एडमंटन के उत्तर-पूर्वी इलाके में 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के पास सुबह 5 बजे के कुछ समय बाद हुई। एडमंटन पुलिस सर्विस ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आपातकालीन सेवाओं ने दोनों घायलों का इलाज किया। पुलिस के मुताबिक उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं।
प्रार्थना में घुसकर हंगामा करने का आरोप
गुरुद्वारा प्रतिनिधि हरमीत सहगल ने बताया, “वह अंदर आया और हंगामा करने लगा। हमारी सुबह की प्रार्थना बाधित हो गई। जो लोग प्रार्थना कर रहे थे, उन्होंने इस व्यक्ति को देखा। ऐसा लग रहा था कि वह यहां आने वाला कोई सामान्य श्रद्धालु नहीं था।”
सहगल के मुताबिक, प्रार्थना करा रहे लोगों ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह सहयोग नहीं कर रहा था। उन्होंने कहा, 'वह व्यक्ति किसी की बात नहीं सुन रहा था। इसलिए उन्होंने उसे काबू करने की कोशिश की। उसने भी इसका विरोध किया।'
झड़प के दौरान दो लोगों को चाकू मारा
इसी दौरान दो लोगों पर चाकू से हमला किया गया। सहगल ने बताया कि दोनों घायल हमले के बाद होश में थे। उन्होंने कहा, 'आखिरी बार जब मैंने सुना, तब दोनों बात कर रहे थे।' पुलिस ने दोनों की चोटों को जानलेवा नहीं बताया है।
तय समय पर हुआ शादी समारोह
घटना के बावजूद गुरुद्वारे में शादी समारोह सुबह करीब 10:30 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ। सहगल ने बताया कि गुरुद्वारे की संपत्ति को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा और सिख धर्मग्रंथ भी सुरक्षित रहे।
हमले की वजह की जांच जारी
पुलिस ने अभी हमले की वजह स्पष्ट नहीं की है। यह भी साफ नहीं है कि मामले की जांच हेट क्राइम के तौर पर की जा रही है या नहीं। गुरुद्वारा प्रतिनिधि ने कहा, 'पुलिस ही यह तय करने में मदद करेगी। हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर क्या हुआ और ऐसा क्यों हुआ।'
पीएम कार्नी ने जताई संवेदना
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक्स पर लिखा, 'आज सुबह गुरुद्वारा नानकसर में हुआ हमला बेहद निंदनीय और चिंताजनक है। मेरी संवेदनाएं इस भयावह घटना में घायल हुए दोनों लोगों और इस घटना से सदमे में आए पूरे समुदाय के साथ हैं। किसी भी व्यक्ति को अपने पूजा स्थल पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। इस घटना पर एडमंटन पुलिस सर्विस की त्वरित कार्रवाई के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।'