बैंकॉक-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री की तबीयत बिगड़ी; एक घंटे बाद दिल्ली रवाना
अचानक हुई लैंडिंग से कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
लखनऊ। बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार देर रात एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान के लखनऊ उतरते ही मेडिकल टीम ने यात्री को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
उड़ान के दौरान बिगड़ी यात्री की तबीयत
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-1054 बैंकॉक से रात करीब 8:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इसे रात 11:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। रास्ते में एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। क्रू मेंबर्स ने इसकी जानकारी पायलट को दी।
10:55 बजे लखनऊ में उतारा विमान
मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को रात करीब 10:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। अचानक हुई लैंडिंग से कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मेडिकल टीम ने अस्पताल पहुंचाया
विमान के लखनऊ उतरते ही एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने यात्री को एंबुलेंस से गोमती नगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान विमान करीब एक घंटे तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा और यात्री विमान के अंदर ही इंतजार करते रहे।
रात 12:05 बजे दिल्ली के लिए रवाना
जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इंडिगो की फ्लाइट रात करीब 12:05 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। यात्री की तबीयत बिगड़ने की वजह और उसकी मौजूदा स्थिति के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।