Ambala Building Collapse: अंबाला में तीन मंजिला बिल्डिंग गिरी, 3 की मौत; मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू जारी
निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है।
अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले के धूलकोट गांव में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत बचाव की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
निर्माण कार्य के दौरान अचानक गिरी बिल्डिंग
जानकारी के मुताबिक, धूलकोट गांव में तीन मंजिला इमारत का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का एक हिस्सा ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
इमारत गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मलबे से कई मजदूरों को निकाला गया
रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर कई मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अंबाला सिटी के एसडीएम दर्शन कुमार ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं डीएसपी शिवम ने बताया कि अब तक 6 से 7 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है और कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।
रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी
प्रशासन के अनुसार मलबे को हटाने और अंदर फंसे लोगों की तलाश का काम लगातार जारी है। दमकल विभाग की टीमें मौके पर मशीनों और अन्य संसाधनों के साथ राहत कार्य में जुटी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।