नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार विचार कर रही है। प्रस्ताव के मुताबिक, चार साल की सेवा पूरी करने वाले कुछ अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जा सकता है। इससे उनका कुल कार्यकाल छह साल हो जाएगा।

यह प्रस्ताव अग्निपथ योजना के पहले बैच की चार साल की सेवा अवधि पूरी होने से पहले सामने आया है। भारतीय नौसेना के पहले बैच का कार्यकाल 21 नवंबर, वायुसेना का 21 दिसंबर और थल सेना का 31 दिसंबर 2026 को पूरा होने वाला है।

मौजूदा व्यवस्था के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को प्रदर्शन, पात्रता और सेना की जरूरतों के आधार पर नियमित कैडर में शामिल किया जा सकता है। बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा से मुक्त किया जाता है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रस्तावित बदलाव के तहत नियमित कैडर में चयनित अग्निवीरों के अलावा कुछ अन्य अग्निवीरों को भी दो साल तक सेवा में बने रहने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, कितने अग्निवीरों को इसका लाभ मिलेगा और चयन के मानदंड क्या होंगे, इस पर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी। इसके तहत सेना के तीनों अंगों में अग्निवीरों की भर्ती चार साल के लिए की जाती है।

Tags: