Trains Cancelled: रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया है। लाटाबोर और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच ट्रैक धंसने की स्थिति भी बन गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने 26 सितंबर को कुछ ट्रेनों को रद्द करने और कुछ का संचालन बदले रूट से करने का फैसला लिया है।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

स्थिति की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक दयानंद समेत संरक्षा अधिकारियों और वरिष्ठ अफसरों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक का निरीक्षण किया। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ट्रैक को सुरक्षित बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है।

ये 3 ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे के अनुसार 26 सितंबर को ट्रेन नंबर 78815 रायपुर-अंतागढ़, 68765 ताड़ोकी-रायपुर और 68764 रायपुर-ताड़ोकी का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा।

2 ट्रेनों का बदला संचालन

ट्रेन नंबर 78816 अंतागढ़-रायपुर अंतागढ़ की जगह दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच चलेगी। यानी अंतागढ़-दल्लीराजहरा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा। वहीं, ट्रेन नंबर 78818 अंतागढ़-दुर्ग भी 26 सितंबर को अंतागढ़ के बजाय दल्लीराजहरा से चलाई जाएगी।

ट्रैक की लगातार निगरानी

रेलवे प्रशासन के अनुसार तकनीकी टीम ट्रैक और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही सामान्य रेल परिचालन बहाल किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Tags: