Shoaib Dhebar arrest: शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की खबर लीक करने वाला क्राइम ब्रांच का आरक्षक लाइन अटैच
Shoaib Dhebar arrest: शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश की जानकारी लीक करने के आरोप में क्राइम ब्रांच के आरक्षक शिवम दुबे को लाइन अटैच किया गया है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश के बीच क्राइम ब्रांच के एक आरक्षक पर कार्रवाई हुई है।
पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच में पदस्थ आरक्षक शिवम दुबे को फील्ड से हटाकर रिजर्व लाइन अटैच कर दिया गया है। उस पर आरोप है कि उसने शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की जा रही कार्रवाई की जानकारी लीक की।
यह कार्रवाई डीसीपी स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर की गई है। पुलिस ने छापेमारी की जानकारी लीक होने के संदेह में अपने स्तर पर जांच की थी। जांच के दौरान आरक्षक के मोबाइल फोन से शोएब ढेबर को कुछ कॉल किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे फील्ड ड्यूटी से हटा दिया गया।
छह से ज्यादा ठिकानों पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस को कोर्ट से दो दिन पहले ही शोएब ढेबर को दोबारा गिरफ्तार करने की अनुमति मिली थी। इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस टीमों ने कई जगहों पर दबिश दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शोएब को पकड़ने के लिए छह से अधिक संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। छापेमारी की जानकारी पहले ही लीक होने के संदेह के बाद पुलिस ने मामले की अंदरूनी जांच शुरू की थी।
25 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में है तलाश
शोएब ढेबर के खिलाफ कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से धमकी भरा कॉल करने का मामला दर्ज है। आरोप है कि कॉल के जरिए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
इसी मामले में पुलिस शोएब को दोबारा गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस उसके साथ ही उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों को भी सर्विलांस पर रखकर उसकी लोकेशन और गतिविधियों को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
दो अन्य सिपाहियों पर भी हुई कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक अन्य गंभीर मामले में भी इसी तरह की गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोप में दो अन्य सिपाहियों को लाइन अटैच किया गया है।
पुलिस की इन कार्रवाइयों से साफ है कि संवेदनशील मामलों में दबिश और गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी लीक होने को लेकर विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है।