Raipur City News : मेकाहारा के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, धुएं से मचा हड़कंप; मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

Update: 2026-07-28 08:48 GMT

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के इमरजेंसी (कैजुअल्टी) वार्ड में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग दोपहर के समय इमरजेंसी वार्ड में लगी। धुआं तेजी से फैलने के कारण एहतियातन वार्ड को खाली कराया गया और सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही मोदहापारा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के साथ ब्लोअर की मदद से वार्ड में भरा धुआं बाहर निकाला, ताकि मरीजों और मेडिकल स्टाफ को किसी तरह की परेशानी न हो।

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती आशंका है कि एसी यूनिट या किसी मेडिकल मॉनिटर में तकनीकी खराबी अथवा ब्लास्ट के कारण आग भड़की हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Tags:    

Similar News