Raipur City News : रायपुर। रायपुर महापौर मीनल चौबे से जुड़े आपत्तिजनक सोशल मीडिया वीडियो मामले में पुलिस ने एंकर सोमा देवांगन को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने उद्योग भवन के सामने कार्रवाई करते हुए सोमा को पकड़ा और पूछताछ व आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ ले गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप

मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है। पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वीडियो में एक युवक द्वारा महापौर मीनल चौबे के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वीडियो को फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वीडियो में महिलाओं के प्रति भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और आपत्तिजनक हिस्सों को हटाए बिना इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

Full View

वीडियो के मूल स्रोत की भी जांच

पुलिस मामले में वीडियो के मूल स्रोत, उसके निर्माण और सोशल मीडिया पर अपलोड व प्रसारण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके लिए वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया गया है।

उद्योग भवन के सामने पुलिस ने की कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उद्योग भवन के सामने घेराबंदी कर सोमा देवांगन को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। अब जांच के दौरान सामने आने वाले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो के निर्माण एवं प्रसारण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

Tags: