Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में मासूम बच्चे के साथ मारपीट और क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सौतेले पिता ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई की और उसके शरीर को सिगरेट से दाग दिया, जिससे उसके चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। मामले में बच्चे की मां पर भी हिंसा रोकने के बजाय आरोपी का साथ देने और घटना छिपाने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8ः30 बजे तरुण नगर, पंडरी में मासूम बच्चे और उसके भाई के साथ मारपीट की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सौतेले पिता राजा उर्फ सुरेश दीप ने बच्चे के साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया और उसे सिगरेट से दागा। इस घटना में बच्चे के चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

मोहल्ले के लोगों के साथ थाने पहुंची महिला

मामले की शिकायत सुशीला जगत निवासी तरुण नगर, पंडरी ने मोहल्ले के लोगों के साथ सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई। शिकायत में बच्चे की मां अन्नु देवी पर भी बच्चों के साथ हो रही हिंसा को रोकने के बजाय आरोपी का साथ देने और घटना को छिपाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 543/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 3(5) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों से पूछताछ की। इसके बाद दोनों आरोपी राजा उर्फ सुरेश दीप 35 वर्ष और अन्नु देवी 40 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

Tags: