Raipur City News : रायपुर। जिले के आरंग में 8 साल के मासूम के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। मेडिकल स्टोर के पास से बच्चे को अगवा करने के बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन कर मोटी रकम की मांग की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाकेबंदी और साइबर सर्विलांस के दबाव में आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा के पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

साइकिल चलाने निकला बच्चा, फिर नहीं लौटा

घटना 16 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर के पास हुई। बच्चे के पिता इसी मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां नर्स हैं। बताया गया कि पिता ने अपने 8 साल के बेटे को दुकान पर छोड़ा था। कुछ देर बाद बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर बाहर निकला, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शाम करीब 4 बजे आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई।

फोन पर मांगी 15 लाख रुपये की फिरौती

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान बच्चे के पिता के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्तियों का फोन आया, जिसमें बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। इसके बाद पुलिस ने रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी सर्विलांस शुरू किया और आरोपियों की लोकेशन का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए।

पुलिस की घेराबंदी से घबराए आरोपी, समोदा में छोड़ा बच्चा

पुलिस की चौतरफा घेराबंदी और लगातार चेकिंग से आरोपियों पर दबाव बढ़ गया। खुद को घिरता देख वे अपहृत बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

बलौदाबाजार में दबिश देकर दो आरोपी गिरफ्तार

रेंज साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। यहां घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25 वर्ष), निवासी ग्राम दतरेंगी, मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20 वर्ष), निवासी ग्राम दतरेंगी,त्र व एक नाबालिग के रूप में की है।

दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Tags: