Raipur City Crime : CA ऑफिस में लाखों की चोरी खुलासा, पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, 7.80 लाख बरामद

Update: 2026-07-23 10:30 GMT

Raipur City Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के कार्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 30 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की पूरी साजिश ऑफिस में पहले काम कर चुका कर्मचारी ही रच रहा था, जिसे कार्यालय में रखी नकदी और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी।

पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी अपर्णा नायक, जो सिविल लाइन स्थित सीए तारवानी एंड एसोसिएट्स में कैशियर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई की सुबह कार्यालय पहुंचने पर कैश काउंटर का लॉक कटर से काटा हुआ मिला और उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद सिविल लाइन थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, कर्मचारियों से पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस का शक ऑफिस के पूर्व कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया, जिसने कुछ समय पहले नौकरी छोड़ दी थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे बिलासपुर से हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7.80 लाख की नकदी बरामद कर ली है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी उमेश पोर्ते पहले भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। 

Tags:    

Similar News