रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। ऐप के को-प्रमोटर और कथित अवैध सट्टा सिंडिकेट के आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। एजेंसियां अब उसे प्रत्यर्पित कराकर भारत लाने की तैयारी में जुटी हैं।

यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के तीन दिन बाद हुई है। एक सप्ताह के भीतर महादेव बेटिंग ऐप मामले में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया था।

बुधवार को रायपुर की CBI स्पेशल कोर्ट में सौरभ चंद्राकर को पेश किया गया। कोर्ट ने CBI को पूछताछ के लिए 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की है।

इंटरपोल ने जारी किया था रेड नोटिस

ED के आरोपों के मुताबिक, भिलाई निवासी रवि उप्पल दुबई से महादेव बेटिंग ऐप का कथित अवैध कारोबार संचालित करता था। अक्टूबर 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई के अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद उसे रिहा कर दिया गया।

ED ने जनवरी 2024 में ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद भारतीय जांच एजेंसियों की कोशिश उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत लाने की है।

करोड़ों के हवाला नेटवर्क की अहम कड़ी

जांच एजेंसियों के मुताबिक, रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर महादेव बेटिंग ऐप सिंडिकेट के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। ED का आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन और हवाला कारोबार संचालित किया जाता था।

रवि उप्पल की गिरफ्तारी को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एजेंसियों को उससे कथित हवाला नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।

Tags: