रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को देश के प्रतिष्ठित संस्थान तक पहुंचाने का अवसर मिला है। प्रदेश के अभिनेता, गायक और पद्मश्री से सम्मानित अनुज शर्मा को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास, चेन्नई ने विशेष व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया है। वह संस्थान की Special Lecture Series में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।


‘म्यूजिकल डिमॉन्स्ट्रेशन एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा’ पर रखेंगे विचार

IIT मद्रास में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अनुज शर्मा ‘म्यूजिकल डिमॉन्स्ट्रेशन एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा’ विषय पर छात्रों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, संगीत, सिनेमा और कला के माध्यम से सामाजिक बदलाव की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही अपने जीवन के संघर्ष, कला के सफर और अनुभवों को भी छात्रों के साथ साझा करेंगे।


IIT मद्रास के प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

IIT मद्रास देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में शामिल है, जहां समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां अपने अनुभव साझा करती रही हैं।अनुज शर्मा को इस मंच पर आमंत्रित किया जाना छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। वह इस व्याख्यान के जरिए प्रदेश की लोक परंपराओं और सिनेमा की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे।


कई प्रतिष्ठित संस्थानों में दे चुके हैं व्याख्यान

अनुज शर्मा इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित संस्थानों में व्याख्यान दे चुके हैं। उन्होंने IIM, जोश टॉक, रोल बोल और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर बेसिक साइंसेज जैसे मंचों पर अपने विचार रखे हैं।


कला के क्षेत्र में मिला पद्मश्री सम्मान

अनुज शर्मा को वर्ष 2014 में भारत सरकार द्वारा कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। उनकी पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छइहां भुइयां’ ने प्रदेश के सिनेमा को नई पहचान दिलाई। इसके अलावा उन्होंने सैकड़ों मंचीय कार्यक्रमों और कई लोकगीत एलबमों के जरिए छत्तीसगढ़ी संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया है।


संगीत, सिनेमा और राजनीति पर भी करेंगे संवाद

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा IIT मद्रास के छात्रों से संगीत, छत्तीसगढ़ी सिनेमा और अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभवों पर संवाद करेंगे। इस व्याख्यान का उद्देश्य तकनीकी छात्रों को भारतीय कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ना बताया जा रहा है।

Tags: