बेमेतरा: बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे-30 पर कन्हेरा गांव के पास मंगलवार रात ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की जिला अस्पताल बेमेतरा में इलाज के दौरान मौत हुई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसा खंडसरा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। टक्कर के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

कवर्धा से शव छोड़कर रायपुर लौट रही थी एंबुलेंस

जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस (CG 04 PR 4622) रायपुर के एक निजी अस्पताल की बताई जा रही है। यह एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र के एक गांव में शव छोड़ने के बाद रायपुर लौट रही थी। वहीं ट्रक तिल्दा से चावल खाली कर कवर्धा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कन्हेरा के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।

मृतक एंबुलेंस से जुड़े बताए जा रहे

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक एंबुलेंस से जुड़े थे। हालांकि उनकी पहचान और हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। खंडसरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Tags: