Dongargarh Navratri Traffic Advisory: नवरात्रि में डोंगरगढ़ के रास्तों में बदलाव, 10 जगह पार्किंग की व्यवस्था, जानें पूरा रूट प्लान
शारदीय नवरात्रि के दौरान छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए राजनांदगांव जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है।
डोंगरगढ़। शारदीय नवरात्रि के दौरान छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए राजनांदगांव जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। भीड़ और जाम से बचने के लिए शहर में भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग पैदल मार्ग और वाहनों को खड़ा करने के लिए 10 प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
भारी वाहनों के लिए बदले गए रूट
नवरात्रि मेले के दौरान भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। दुर्ग, बालोद और धमतरी से आने वाले भारी वाहन गुंडरदेही, अर्जुन्दा, सुरगी और हल्दी मार्ग से राजनांदगांव बायपास पहुंचेंगे। वहीं, बालोद से आने वाले वाहनों के लिए मोहारा बायपास का विकल्प दिया गया है। खैरागढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गठुला मार्ग से निकाला जाएगा।
रायपुर से खैरागढ़ जाने वाले वाहन रसमड़ा, गनियारी और नगपुरा मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में खुटेरी, भर्रेगांव, मोखला, सुरगी और हल्दी मार्ग से भी आवाजाही की जा सकेगी। वहीं, चिचोला से लालबहादुर नगर होते हुए डोंगरगढ़ की ओर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।
पदयात्रियों के लिए अलग सुरक्षित मार्ग
मंदिर दर्शन के लिए पैदल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंजोरा से रामदरबार तक राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर विशेष व्यवस्था की गई है। नागपुर से रायपुर की ओर जाने वाली सड़क का दायां हिस्सा पदयात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस हिस्से में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जा सके।
शहर के अंदर से डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालु रामदरबार, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, टांकापारा, वेसलियन स्कूल, पुराना रेस्ट हाउस रोड, बलदेव बाग, बीएनसी मिल, संगम चौक, मोतीपुर रेलवे अंडरब्रिज, नवागांव, लिटिया, सुकुल दैहान, मुसरा, बेलगांव और अछोली होते हुए आगे बढ़ सकेंगे।
10 प्रमुख पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे वाहन
डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने के आधार पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन तुमड़ीबोड़, मुरमुंदा और बधियाटोला होते हुए क्षीरपानी और गुरुद्वारा पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। इन वाहनों की वापसी के लिए मुरमुंदा और उरईडबरी मार्ग तय किया गया है।
नागपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पुराने नेहरू कॉलेज मैदान और गौशाला पार्किंग में जगह दी जाएगी। खैरागढ़ से आने वाले वाहन हाई स्कूल और नेहरू कॉलेज के पास पार्क किए जा सकेंगे। वहीं, बोरतलाव की ओर से आने वाली कारों के लिए नेहरू कॉलेज और गौशाला पार्किंग निर्धारित की गई है। इस दिशा से आने वाले दोपहिया वाहनों को नगर पालिका पार्किंग में खड़ा करना होगा।
श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे जरूरी सुविधाएं
नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने सेवा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे पानी, बिजली, रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था करने की तैयारी की है। इन व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम को सौंपी गई है।
प्रशासन और यातायात पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में यातायात को सुचारु बनाए रखना, जाम की स्थिति से बचना और मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित व सुविधाजनक बनाना है। श्रद्धालुओं को सलाह है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेकर ही घर से निकलें।