Cyber ​​fraud : रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठग आम लोगों के साथ-साथ सामाजिक और कारोबारी जगत से जुड़े लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ होटल एसोसिएशन के प्रदेश सचिव उमेर ढेबर का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर ठग उनके परिचितों से 48-48 हजार की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, उमेर ढेबर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को ब्लू डार्ट कूरियर का कर्मचारी बताया और बातचीत के दौरान उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके कुछ ही समय बाद उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो गया और उस पर उनका नियंत्रण समाप्त हो गया।



 

अकाउंट हैक होने के बाद साइबर ठगों ने उमेर ढेबर के नाम और नंबर का इस्तेमाल करते हुए उनके दोस्तों और परिचितों को संदेश भेजने शुरू कर दिए। मैसेज में इमरजेंसी का हवाला देकर 48 हजार तत्काल भेजने की मांग की जा रही है। कुछ लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने सीधे उमेर ढेबर से संपर्क किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।



 

घटना की जानकारी मिलते ही उमेर ढेबर ने साइबर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और व्हाट्सऐप अकाउंट हैक करने वाले साइबर ठगों की पहचान में जुट गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी परिचित के नंबर से पैसों की मांग वाला संदेश या कॉल आए, तो पहले संबंधित व्यक्ति से किसी अन्य माध्यम से पुष्टि करें। बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर करने से बचें, क्योंकि साइबर अपराधी अब भरोसेमंद पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं।

Tags: