Chhattisgarh Bus Accident: पेड़ से टकराई बस, 5 की मौत, 32 घायल
Chhattisgarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में तेज रफ्तार बस पेड़ से टकराई। बस मालिक समेत 5 की मौत, 15 घायलों की हालत नाजुक।
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 32 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुई यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिससे बस के परखच्चे उड़ गए।
पहाड़ हंसवाही के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना केल्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहाड़ हंसवाही के पास हुई। बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी और इसमें महिलाओं और मासूम बच्चों समेत 30 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में बस मालिक की भी मौत हुई है।
15 घायलों की हालत नाजुक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को फौरन केल्हारी और मनेंद्रगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि घायलों का इलाज युद्ध स्तर पर जारी है।
डॉक्टरों के मुताबिक, 32 घायलों में से करीब 15 लोगों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के चलते हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।