Bilaspur Khaparganj Stone Pelting: बिलासपुर के खपरगंज में दो पक्षों में पथराव के मामले में 11 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
Bilaspur Khaparganj Stone Pelting: बिलासपुर के खपरगंज में दो पक्षों के विवाद के बाद पथराव हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
Bilaspur Khaparganj Stone Pelting: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के बाद हुई पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
युवकों के दो गुटों में शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुटने लगे।
भीड़ बढ़ने के साथ ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई और इलाके में पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई पत्थरबाजी से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
भीड़ को नियंत्रित करने छोड़े गए आंसू गैस के गोले
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए जिले के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बिलासपुर बुलाया गया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
दो अलग-अलग अपराधों में 11 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें मौला बक्स उर्फ जूब्बू (37), शेख अजरूद्धीन उर्फ अज्जू (25), मोहम्मद जाहिद खान (45), सफीक अहमद उर्फ राजा खान (31), शकीर उर्फ सोनू (24), मोहम्मद लाईक (37), रेहान अली उर्फ ईरानी (19) और मो. जुनैद (21) शामिल हैं। वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 में तीन आरोपियों राजू यादव उर्फ नान (30), राकेश यादव उर्फ रिंकु (24) और छत्रपाल साहू (25) को गिरफ्तार किया गया है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी
घटना के बाद खपरगंज के अलावा गोलबाजार, सदरबाजार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने भीड़ को हटाकर इलाके में सामान्य स्थिति बहाल करने के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच भी शुरू कर दी है।