CG Weather News : छत्तीसगढ़ में मानसून रहेगा मेहरबान, अगले 7 दिन बारिश के आसार, कई जिलों में यलो अलर्ट

Update: 2026-07-21 08:28 GMT

CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई। आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश का असर अधिक रहेगा।

हाल ही में शुरू हुए भारी बारिश के दूसरे दौर का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह थमी नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कुछ दिनों तक बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है, हालांकि बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने के संकेत मिल रहे हैं। यदि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ता है तो प्रदेश में एक बार फिर व्यापक और अच्छी बारिश हो सकती है।

बीते 24 घंटों में प्रतापपुर में 11 सेमी, लवन और बलौदाबाजार में 7-7 सेमी, मनोरा में 6 सेमी, जबकि दर्गी, ओडगी, पलारी और माना में 5 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली सहित कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

इसके अलावा बस्तर संभाग, सरगुजा संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों में हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 

Tags:    

Similar News