CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 28 जिलों में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर, कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी

Update: 2026-08-18 08:02 GMT

CG Weather : रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

कोरबा में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी और डौंडीलोहारा में 7 सेमी वर्षा हुई। रायपुर शहर समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी में भी बारिश के आसार

रायपुर में मंगलवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और हल्की फुहार पड़ती रही। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ रहा अवदाब अगले 24 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अभी बनी रह सकती हैं। फिलहाल मौसम ने गर्मी से राहत दी है, लेकिन तेज बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Tags:    

Similar News