रायपुर/अंबिकापुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। सरगुजा संभाग में बुधवार दोपहर बाद शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने संभाग के सभी पांच जिलों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किया है।

चक्रवात के असर लागातार हो रही बारिश की वजह से गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सरगुजा दौरा स्थागित हो गया है। मुख्यमंत्री सरगुजा में बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इससे पहले बुधवार को सीएम का सूरजपुर दौर टल गया था।

खराब मौसम को देखते हुए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सरगुजा दौरा टल गया है।

सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को सरगुजा और बलरामपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है। पूर्वानुमान के मुताबिक, संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।



खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मैदानी अमले को मौसम पर नजर रखने और जरूरत के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी संभाग के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। बारिश से पहले सरगुजा में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बादल और बारिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है।

Tags: