CG News : खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, कुछ देर बाद प्रेमिका ने भी उसी स्थान पर दी जान
CG News : जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धाराशिव में दो संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव के पास खेत में एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। इस घटना की जानकारी मिलने के कुछ देर बाद एक युवती ने भी कथित तौर पर उसी स्थान पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लगातार हुई इन दो घटनाओं से गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, युवक दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान उसका शव गांव के बाहरी इलाके में खेत के पास एक पेड़ से लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शव दो दिन पुराना होने के कारण काफी हद तक सड़-गल चुका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत की खबर मिलते ही एक युवती घटनास्थल पर पहुंची और कथित तौर पर उसी पेड़ के पास फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था या युवती की मौत का कारण युवक की मृत्यु से जुड़ा हुआ था। इन सभी पहलुओं की जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा दोनों की कॉल डिटेल, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।