CG News : घर के बाथरूम में महिला ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस
खैरागढ़ के टेकापार खुर्द में 30 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलसी, अस्पताल में तोड़ा दम; घटना के वक्त घर में अकेली थी महिला, कारणों की जांच जारी।
CG News : खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र के टेकापार खुर्द गांव में शनिवार को एक महिला के आग की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय अंजू बघेल घर के बाथरूम में गंभीर रूप से झुलसी मिलीं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। बताया गया कि उनके पति अजय बघेल समेत परिवार के अन्य सदस्य खेत गए हुए थे।देवर सूरज जब घर पहुंचा तो बाथरूम से धुआं निकलता देखा। उसने परिजनों को सूचना दी और दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से झुलसी अंजू को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।