CG News : दो युवकों की मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, बाईपास पर किया चक्काजाम
दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बाईपास पर लाइट और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग, SDM के लिखित आश्वासन पर खत्म हुआ चक्काजाम
CG News : कांकेर। जिले में नंदनमारा के पास हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बाईपास मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार सुबह चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल हुईं। ग्रामीणों की मांग थी कि मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्पीड ब्रेकर और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के नंदनमारा के पास मंगलवार रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक स्थानीय निवासी थे। हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास मार्ग पर पर्याप्त रोशनी और स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार सुबह बाईपास मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता, वे आंदोलन जारी रखेंगे।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।