CG News : अंबिकापुर प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर से 3 बाल अपचारी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
CG News : अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में बाल सुधार गृहों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अंबिकापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर से तीन बाल अपचारी रोशनदान की ग्रिल उखाड़कर फरार हो गए। घटना के बाद सेंटर में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने तत्काल जिलेभर में अलर्ट जारी कर फरार बालकों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह की है। सेंटर में निरुद्ध बाल अपचारी रोजाना की तरह योग करने के बाद बाथरूम गए थे। इसी दौरान तीन बालकों ने बाथरूम के रोशनदान की लोहे की ग्रिल उखाड़ दी और उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गए। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है।
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अंबिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह से भी 13 बाल अपचारी परिसर का पुराना दरवाजा तोड़कर फरार हो गए थे। उस समय 14 बालक बाहर निकले थे, जिनमें से एक को तुरंत पकड़ लिया गया था, जबकि बाकी दीवार फांदकर भाग निकले थे। यह एक महीने के भीतर बाल अपचारियों के फरार होने की दूसरी बड़ी घटना थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर और बाल संप्रेक्षण गृहों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार बालकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आसपास के जिलों को भी सतर्क कर दिया गया है।