CG News : कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक और गोला-बारूद बरामद

डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त कार्रवाई; BGL सेल, डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर मौके पर ही किए गए निष्क्रिय

Update: 2026-07-20 14:09 GMT

CG News : कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद किया गया, जिसमें भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली उपयोग की वस्तुएं मिली हैं।

पुलिस के अनुसार, कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के आलपरस-गुमचुर के बीच स्थित जंगल और पहाड़ी इलाके में डीआरजी (District Reserve Guard), बीएसएफ (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद हुआ।

बरामद सामग्री में INSAS, SLR, .303 और 8 एमएम के कारतूस, BGL सेल, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, स्टील कंटेनर समेत अन्य नक्सली सामग्री शामिल है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीडीएस टीम ने BGL सेल, डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। नक्सल गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अभियानों के जरिए नक्सलियों के मंसूबों को लगातार विफल किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News