CG News : बारिश से बचने झोपड़ी में रुके थे लोग, आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, 3 घायल
जांजगीर-चांपा के महुदा में बाड़ी में काम करने के दौरान तेज बारिश से बचने झोपड़ी में रुके थे लोग, अचानक आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत; तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
CG News : जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अचानक तेज बारिश शुरू हो गई थी। उस दौरान कुछ लोग बाड़ी में काम कर रहे थे। बारिश से बचने के लिए सभी एक झोपड़ी में जाकर रुक गए। इसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों की पहचान नरेश खैरवार (24), रामभरोश पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) के रूप में की है। वहीं हादसे में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई पटेल (46) और बैशाखू (32) घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।