CG News: कारका नदी में नहाने गए दो छात्र डूबे, 9 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे, तलाश जारी
महाराष्ट्र के करका घाट में हुआ हादसा, दोनों छात्र कक्षा 10वीं के बताए जा रहे; पुलिस और ग्रामीणों का सर्च ऑपरेशन जारी
CG News: पखांजूर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्र में पिकनिक मनाने गए दो छात्रों के नदी में डूबने से हड़कंप मच गया। दोनों छात्र कक्षा 10वीं के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। हादसा महाराष्ट्र के करका घाट के पास हुआ, जहां पखांजूर क्षेत्र से 9 दोस्त पिकनिक मनाने पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, पिकनिक के दौरान सात दोस्त नदी किनारे खाना बनाने में व्यस्त थे, जबकि अभिजीत विश्वास और साहिल बर्मन नहाने के लिए नदी में उतर गए। दोनों काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो दोस्तों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया। इसके बाद पखांजूर एएसपी राकेश कुमार कुर्रे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में दोनों छात्रों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
नदी में डूबे छात्रों की पहचान साहिल बर्मन, निवासी पीवी-105 और अभिजीत विश्वास, निवासी पीवी-109 गोपालपुर के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है और पुलिस-प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है।