CG News : सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामग्री के डंप का पता लगाया है। कोंटा थाना क्षेत्र के घने पहाड़ी जंगलों में हुई इस कार्रवाई के दौरान कुल 8 किलो वजन के दो टिफिन बम समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इनपुट पर ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर ग्राम बेलपोच्चा से गोमपाड़ की ओर जाने वाले मार्ग के पास सर्चिंग अभियान चलाया गया। रविवार सुबह जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने जंगल और पहाड़ी इलाके में एरिया डोमिनेशन के साथ सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जवानों को जमीन और झाड़ियों के बीच नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला। सुरक्षा बलों ने इलाके को सुरक्षित करते हुए बरामद सामग्री को कब्जे में लिया।

डंप से मिली विस्फोटक सामग्री

सुरक्षाबलों के मुताबिक, डंप से 4 बंडल कोडेक्स वायर, 10 डेटोनेटर, 17 जिलेटिन, एक बंडल फ्यूज वायर और 3 बंडल बिजली के वायर बरामद किए गए। इसके अलावा दो टिफिन बम भी मिले। इनमें एक का वजन करीब 5 किलो और दूसरे का 3 किलो बताया गया है। दोनों का कुल वजन 8 किलो है। बमों को वायर रहित अवस्था में बरामद किया गया और BDS टीम की मदद से सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।

नक्सली उपयोगी सामान भी जब्त

कार्रवाई के दौरान दो स्टील टिफिन, दो प्लास्टिक डस्टबिन, एक बैटरी और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री भी बरामद हुई है। सुरक्षाबलों की टीम ने बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों की बरामदगी से संभावित बड़ी वारदात को टालने में सुरक्षा बलों को अहम सफलता मिली है।

Tags: