CG News : जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गीदम थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलो पैंगोलिन के शल्क बरामद किए गए। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ईको वैन और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, बचेली वन परिक्षेत्र के रेंजर डॉ. प्रीतेश कुमार पांडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मारुति ईको वैन में पैंगोलिन के शल्क लेकर जगदलपुर की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। डीएफओ वाई. रंगनाथा रामकृष्णा के निर्देश पर गीदम एसडीओ शिवेन्द्र सिंह और रेंजर शिव टंडन के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।

वाहन के बोनट और स्टेपनी में छिपाए थे शल्क

वन विभाग की टीम ने गीदम थाने के सामने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध मारुति ईको वैन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के इंजन बोनट और स्टेपनी के भीतर छिपाकर रखे गए पैंगोलिन के शल्क बरामद हुए। वैन में सवार तीन आरोपियों से पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली।

जावंगा एजुकेशन सिटी के पास तीन और आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर टीम ने जावंगा एजुकेशन सिटी के पास दबिश दी, जहां बाइक पर सवार तीन अन्य संदिग्धों को भी पकड़ लिया गया। इस तरह कार्रवाई में कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए गए। वन विभाग के अनुसार, बरामद करीब 14 किलो शल्क छह से सात पैंगोलिन से जुड़े होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।

तीन जिलों के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपी बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने तस्करी में इस्तेमाल एक मारुति ईको वैन और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags: