CG News : डिप्टी कलेक्टर पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, 3 करोड़ और लग्जरी कार की मांग, एफआईआर दर्ज
शादी के दूसरे दिन से दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप, काउंसलिंग विफल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के एक डिप्टी कलेक्टर और उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। अधिकारी की पत्नी ने आरोप लगाया है कि शादी के महज दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने दिए जाने लगे। पीड़िता के मुताबिक, उससे लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये लाने की मांग की गई। शिकायत में मारपीट और घरेलू प्रताड़ना के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग
जानकारी के अनुसार, आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे का विवाह जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे से हुआ था। मनोज बंजारे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। पीड़िता का कहना है कि विवाह के दौरान उसके परिवार ने घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कम दहेज लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
जमीन बेचकर रुपये लाने का दबाव
पीड़िता ने अपने पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे पर दहेज के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, उससे लग्जरी कार के साथ 2 से 3 करोड़ रुपये नकद लाने की मांग की जा रही थी। आरोप है कि 4 जनवरी 2025 को पति ने मायके की जमीन बेचकर रुपये लाने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी प्रताड़ना का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था और बच्चे के जन्म के बाद भी उसे राहत नहीं मिली। उसके मुताबिक, बच्चे के जन्म के बाद पति उसे मायके में छोड़ गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 2 सितंबर 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके मायके ग्राम भानसोज में उसके साथ मारपीट की।
काउंसलिंग के बाद दर्ज हुआ मामला
मामले को लेकर महिला थाने में शिकायत की गई थी। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन सुलह नहीं हो सकी। आखिरकार पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर और उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना से संबंधित मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।