CG News : जांजगीर-चांपा। चांपा थाना चौक के पास मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां 11 केवी बिजली तार की चपेट में आने से दंपती गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में पति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:20 बजे महुदा निवासी रामनाथ (50) और उनकी पत्नी लता कर्ष (45) निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद दोनों को तत्काल बीडीएम अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान रामनाथ ने दम तोड़ दिया। वहीं, लता कर्ष का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और 11 केवी बिजली लाइन की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Tags: