CG News : बिलासपुर। जिले के तखतपुर क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चों के नदी के तेज बहाव में बह जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और ग्रामीणों ने तुरंत नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो बच्चों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, समडील गांव के तीन बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घोंघा नदी पार कर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस वक्त नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और बह गए।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों समडील गांव के रहने वाले हैं।

दो बच्चों के अभी भी लापता होने के चलते पुलिस और ग्रामीण नदी में लगातार तलाश कर रहे हैं। एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags: