CG News : 14 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या: मां मजदूरी से लौटी तो फंदे पर लटका मिला बेटा
CG News : धमतरी। जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। रुद्री थाना क्षेत्र में कक्षा 9वीं के 14 वर्षीय छात्र तीरथ कुमार ध्रुव ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, तीरथ के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। घटना के समय उसकी मां मजदूरी के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। किसी तरह अंदर पहुंचने पर उन्होंने अपने बेटे को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही रुद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल छात्र द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।